
संसद में भगवा पहन कर नुक्कड़ नाटक करने पर पप्पू यादव के खिलाफ FIR
संसद परिसर में शुक्रवार को कथित राम मंदिर चंदा गबन मामले को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ जहांगीरपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रदर्शन में भगवान रामलला विराजमान की तस्वीर को पैरों के नीचे रखा गया, जिससे सनातन को मानने वालों की भावनाएं आहत हुई हैं।
संसद परिसर में अयोध्या राम मंदिर के कथित चंदा घोटाले के विरोध में विपक्षी सांसदों ने एक नुक्कड़ नाटक किया, जिसमें निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने इस प्रतीकात्मक नाटक में हिस्सा लिया और दान पेटी में चंदा डाला। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसर में इस तरह की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन करने और सदन की गरिमा के खिलाफ आचरण करने पर कड़ी नाराजगी जताई।
सूत्रों के मुताबिक, संसद परिसर में इस तरह के वेशभूषा आधारित और नाटकीय प्रदर्शनों पर लोकसभा सचिवालय ने कड़ा रुख अपनाया है। सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि संसद परिसर में इस प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।

