
यूपी में सपा की सरकार बनी तो आजम खान को गृहमंत्री बनाएंगे
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव बुधवार को रामपुर जेल पहुंचे. यहां उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की. जेल में आजम खान की हालत देखकर वह बेहद नाराज दिखे. उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो वह आजम खान को गृहमंत्री बनवाएंगे. शिवपाल यादव ने आजम खान की पत्नी और बड़े बेटे से भी मुलाकात की. इसके अलावा उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय का भी जायजा लिया.
बुधवार को वह सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने जेल पहुंचे थे. वहां उनकी हालत देखकर शिवपाल यादव बेहद नाराज दिखे. राज्य के पूर्व मंत्री और रामपुर के पूर्व सांसद आजम खान की जेल में बुरी हालत देखकर शिवपाल यादव ने बीजेपी और उसकी योगी आदित्यनाथ की सरकार पर खूब बरसे.
आजम खान से मुलाकात के बाद जेल से बाहर आते ही शिवपाल सिंह यादव ने कहा- ‘अबकी बार भाजपा को हराना है, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है. अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है.’ शिवपाल यादव ये बातें कह ही रहे थे कि तभी वहां मौजूद आजम खान के समर्थकों ने कहा कि सरकार बनते ही आजम खान को रक्षामंत्री बनाना है. इसपर शिवपाल यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले आजम खान को गृहमंत्री बनाना है.
इससे पहले शिवपाल यादव ने आजम खान की पत्नी तज़ीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम खान से भी मुलाकात की. सपा के वरिष्ठ नेता ने आजम के घर करीब 50 मिनट समय बिताया. मुलाकात के तुरंत शिवपाल तुरंत जौहर विश्वविद्यालय भी पहुंचे. उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट के साथ बैठक की और निगम की ओर से विश्वविद्यालय को गिराए जाने के भेजे गए नोटिस के बारे में विस्तार से जानने की कोशिश की. माना जा रहा है कि शिवपाल यादव ने भरोसा दिया है कि जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के लिए जो कुछ संभव होगा वह प्रयास किया जाएगा.

