कौशांबी पटाखा फैक्ट्री धमाके में अब तक 11 की मौत-दो दर्जन घायल

कौशांबी जनपद के मनौरी में एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिससे जोरदार धमाके हुए। इससे आसपास के घर भी जमींदोज हो गए। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत व 22 घायलों की पुष्टि हुई है।

यूपी में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से 3 ढह गए।

पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के 200 जवान रेस्क्यू में जुटे हैं। 10 बुलडोजरों से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस को शक है कि मलबे के नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं। ऐसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

धमाका कैसे हुआ, पुलिस पता लगा रही है। हालांकि प्रयागराज में स्वरूप रानी अस्पताल पहुंची रानी ने बताया- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ।

धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकान की तीसरी मंजिल में 8 फीट का छेद हो गया।

एक मंजिला फैक्ट्री 600 वर्गफीट में बनी थी। मालिक का नाम आदिल है। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री के बगल में नई बस्ती बस रही थी। आदिल, पिता नौशाद, चाचा शकील और तीन महिलाओं पर केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें बनी हैं। डीएम अमित पाल शर्मा ने कहा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button