
नेपाल में बाढ़ के बाद यूपी के महराजगंज और कुशीनगर में मिले शव
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी का बहाव तेज़ है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि आने वाले समय में और शव भारत की ओर बहकर आ सकते हैं। महराजगंज और कुशीनगर प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नेपाल में आई बाढ़ की त्रासदी का असर अब भारतीय क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ शव बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। गुरुवार को निचलौल के टेलफाल के समीप गंडक नदी में तीन शव उतराते मिले।
शवों के दिखाई देने के बाद नदी की निगरानी में जुटी सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। एसएसबी, एसडीआरएफ और निचलौल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को नदी से बाहर निकलवाकर सुरक्षित रखना शुरू कर दिया।
नदी में बरामद शवों में दो महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। तीनों शव नेपाल में आई बाढ़ के पानी में बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंचे हैं। शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियों की टीम नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि बाढ़ के पानी के साथ और शव या अन्य सामग्री बहकर आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी का बहाव तेज़ है. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि आने वाले समय में और शव भारत की ओर बहकर आ सकते हैं।
महराजगंज और कुशीनगर प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है

