
बिहार के लखीसराय मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत
बिहार के लखीसराय जिले में सावन के तीसरे सोमवार के दिन अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मच गई। इस घटना में 7 लोगों की मौत हुई है। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर मची भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 से अधिक घायल हो गए।
भारी भीड़ के कारण बांस-बल्ले से बनी बैरिकेडिंग टूटने और बिजली के खंभे के गिरने व करंट फैलने की अफवाह से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि प्रशासन के अनुसार पोल में करंट नहीं उतरा था, केवल अफवाह फैली थी। प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं, तथा घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
दरअसल, सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से अशोक धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह-सुबह बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। लखीसराय के जिलाधिकारी का कहना है कि मंदिर प्रशासन की तरफ से व्यवस्थाएं की गई थी। लेकिन भीड़ तेजी से बढ़ती जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। जिसके बाद मंदिर में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

