
यूपी में एक साथ फटे कई घरों के स्मार्ट मीटर, दो बच्चों समेत चार झुलसे
यूपी के सुलतानपुर में आवास विकास कॉलोनी के पास सात स्मार्ट मीटर एक साथ फटने से एक ही परिवार के चार सदस्य, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं, झुलस गए।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की आवास विकास कॉलोनी में एक साथ कई स्मार्ट मीटर फटने से बड़ा हादसा हुआ। शॉर्ट सर्किट और हाई-वोल्टेज करंट के कारण हुए इस धमाके में दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस घटना से मुहल्लेवासियों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है।
सुमित अग्रहरि ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों से मीटर फटने और घर में शार्ट सर्किट होने की जानकारी मिली। घर पहुंचने पर देखा कि परिवार के सदस्य झुलस गए थे और घर में काफी नुकसान हुआ है।
अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार वर्मा ने बताया कि पेड़ की छंटाई के दौरान 132 किलो वोल्ट तार से डाल छू जाने के कारण शार्ट सर्किट हुआ, जिससे स्मार्ट मीटर फटे। इस घटना के बाद करंट पूरे घर में फैल गया।

