
उत्तर प्रदेश : सहारनपुर मंडल में गन्ने की फसल की सुरक्षा के लिए 36 ड्रोन तैनात
गन्ना विभाग ने मानसून के दौरान गन्ने की फसल पर कीटनाशक, दवाओं और पोषक तत्वों का छिड़काव करने में किसानों की मदद के लिए सहारनपुर मंडल में 36 ड्रोन तैनात किए हैं। बारिश के मौसम में खेतों में जलभराव के कारण किसानों के लिए खेतों में प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ड्रोन के जरिए फसलों पर आसानी से छिड़काव किया जा सकेगा। यह जानकारी न्यूज18 की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों की गन्ना सहकारी समितियों के माध्यम से ड्रोन उपलब्ध कराए गए है। इस पहल का उद्देश्य बारिश रुकने के थोड़े समय के दौरान भी किसानों को छिड़काव का काम पूरा करने में मदद करना और फसल को बीमारियों तथा पोषक तत्वों की कमी से बचाना है।
उप गन्ना आयुक्त ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि, किसानों के लाभ के लिए गन्ना सहकारी समितियों के माध्यम से विभिन्न मशीनों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने Local18 से बातचीत में कहा, बारिश के मौसम में किसान गन्ने पर दवाओं का छिड़काव नहीं कर पाते हैं। यदि फसल में पोषक तत्वों की कमी या बीमारी है और खेतों में जलभराव है, तो ऐसे खेतों के लिए हमने ड्रोन की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि, पूरे मंडल में 36 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं। यदि बारिश करीब 30 मिनट के लिए भी रुकती है, तो किसान ड्रोन की मदद से लगभग पांच मिनट में एक एकड़ क्षेत्र में छिड़काव कर सकते हैं।
गन्ना विभाग के अनुसार, किसानों को ड्रोन सेवा या दवाओं के लिए अलग से कोई भुगतान नहीं करना होगा। संबंधित गन्ना सहकारी समितियां किसानों को ड्रोन के साथ आवश्यक कृषि सामग्री भी उपलब्ध कराएंगी। इस सुविधा का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को अपनी नजदीकी गन्ना सहकारी समिति से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

