
इजरायल-हमास के बीच शांति समझौते का पहला चरण तय
अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि इजरायल और हमास के बीच शांति समझौते का पहला चरण तय हुआ है. इसके तहत सभी बंधकों की जल्द रिहाई, युद्धविराम, सेना की वापसी और कैदियों की अदला-बदली शामिल है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को घोषणा की कि इजरायल और हमास के बीच शांति लाने के पहले चरण पर सहमति बन गई है. इस समझौते के तहत सभी बंधकों की जल्द रिहाई की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही इजरायल की सेना गाजा में निश्चित इलाके से पीछे हटेगी, गाजा में सहायता की एंट्री बढ़ेगी और इजरायल फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा. ट्रंप ने यह भी कहा कि समझौता लागू होने के बाद वे खुद मध्य पूर्व का दौरा कर सकते हैं.
ट्रंप की घोषणा के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ‘ईश्वर की कृपा से हम सबको घर वापस लाएंगे.’ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब ट्रंप बोल रहे थे, तब अमेरिकी विदेश मंत्री ने आकर उनके कान में कुछ कहा. इसके बाद ट्रंप ने ऐलान किया कि हम डील के करीब हैं और जल्द ही समझौता होगा.
हमास ने अपने बयान में कहा कि यह समझौता ‘गाजा पर युद्ध समाप्त करने, इजरायली सेना की वापसी, मानवीय सहायता के प्रवेश और कैदियों की अदला-बदली’ से जुड़ा है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के लिए हुए समझौते की घोषणा का स्वागत किया है. एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया, “मैं अमेरिका, क़तर, मिस्र और तुर्की के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना करता हूं, जिन्होंने इसे संभव बनाया. मैं सभी संबंधित पक्षों से अपील करता हूं कि वे समझौते की शर्तों का पूरी तरह पालन करें.”
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक बंधकों को शनिवार या रविवार तक रिहा किए जाने की संभावना है. बंधकों की रिहाई इस बात पर निर्भर होगी कि आखिर इजरायली कैबिनेट इस समझौते को मंजूरी कब देती है

