
विदा हुआ मानसून, गिरने लगा तापमान सर्दी देने लगी है दस्तक
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है, रातें ठंडी हो रही हैं। सुबह धुंध और ओस की बूंदें सर्दियों का संकेत दे रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से कम रहेगा। दिन धूप की वजह से थोड़ा गर्म लेकिन रात सर्द रहेंगी।
यूपी में मौसम करवट लेने लगा है, सर्द हो रहीं रातें गुलाबी ठंड का अहसास कराने लगी हैं। मानसून की विदाई के बाद सुबह-सुबह हल्की धुंध, सर्द हवा, पत्तों पर ओस की बूंदें शीत ऋतु के आगमन का संदेश दे रही है। मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी दिन और रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना जताई जा रही है।
यूपी के कुछ शहरों में शनिवार को अधिकतम पारा 30.3 और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं दिन के समय आसमान पूरी तरह साफ रहने और तेज खिली धूप निकलने के कारण लोगों को गर्म कपड़े निकालने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है, लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है। रात में हल्की सिहरन महसूस होने लगती है। सुबह-शाम की ठंडक ने लोगों को अपनी दिनचर्या में बदलाव लाने पर मजबूर कर दिया है। आंचलिक मौसम केंद्र के विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में भी दिन व रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा, आसमान साफ रहने की संभावना है। शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वांचल के दक्षिणी-पूर्वी भाग यथा बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर भाग से वापस लौट गया है।

