
राजद ने जारी की 143 उम्मीदवारों की सूची, 24 महिलाओं को दिया टिकट
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने 143 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. उम्मीदवारों की इस सूची में सामाजिक समीकरणों का ध्यान रखा गया है; कुल 143 उम्मीदवारों में 24 महिला उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जबकि 18 मुस्लिम उम्मीदवारों को भी मैदान में उतारा गया है.
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी की है.
पार्टी ने ये लिस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट की है. इसके अनुसार तेजस्वी यादव को एक बार फिर उनकी पुरानी सीट राघोपुर से उतारा गया है. यहां से वो इससे पहले दो बार, 2015 और 2020 में चुनाव जीत चुके हैं.
इसके अलावा बबलू कुशवाहा को कुरहनी, मधेपुरा से प्रोफ़ेसर चंद्र शेखर, सिवान से अवध बिहारी चौधरी, छपरा से भोजपुरी फ़िल्मों के कलाकार खेसारी लाल और वैशाली से अजय कुशवाहा को उतारा गया है.
राजद की सूची में छह सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार उतार रखे हैं. ये सीटें हैं- सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज, लालगंज, वैशाली और वारिसलीगंज.
इस बीच सोमवार को कांग्रेस ने भी 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, वहीं विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने भी पांच प्रत्याशियों की एक लिस्ट जारी की है.
बिहार में महागठबंधन के दलों के बीच अब तक सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है. महागठबंधन के दलों ने अपने स्तर पर उम्मीदवारों की घोषणा की है.
243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में छह और 11 नवंबर को दो चरणों में चुनाव हैं. नतीजे 14 नवंबर को आएंगे. पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान है. वहीं दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान है.

