
सामिया सुलुहू हसन दोबारा बनी तंज़ानिया की राष्ट्रपति
सामिया हसन 2021 में अपने पूर्ववर्ती जॉन मागुफुली की मौत के बाद उपराष्ट्रपति से राष्ट्रपति बनी थीं. वह दूसरी बार इस पद की शपथ लेंगी। हालांकि उन पर विपक्ष के गंभीर आरोप हैं.
तंज़ानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने एक बार फिर से राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है. तंज़ानिया में बीते कई दिनों से फैली अशांति के बीच सामिया ने ये जीत हासिल की है. तंज़ानिया के चुनाव आयोग के अनुसार सामिया ने 97.66 प्रतिशत वोटों से जीत हासिल की.
चुनाव आयुक्त का कहना है कि बुधवार को हुए मतदान में देश के 3.76 करोड़ रजिस्टर्ड मतदाताओं में से 87 फ़ीसदी यानी 3.2 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया. इनमें से 97.66 फ़ीसदी यानी लगभग 3.19 करोड़ वोट सामिया को मिले.
चुनाव नतीजे सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनाव में पारदर्शिता और देश में फैली हिंसा को लेकर चिंता व्यक्त की है. बीते दिनों चुनाव में पारदर्शिता को लेकर देश में कई हिस्सों में हिंसा हुई थी. इनमें कथित तौर पर सैकड़ों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं.
मुख्य विपक्षी दल चाडेमा का आरोप है कि बुधवार को चुनाव के दिन विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से सुरक्षा बलों ने सैकड़ों लोगों को मार डाला है. सामिया हसन 2021 में अपने पूर्ववर्ती जॉन मागुफुली की मौत के बाद उपराष्ट्रपति से राष्ट्रपति बनी थीं. वह दूसरी बार इस पद की शपथ लेंगी। हालांकि उन पर विपक्ष के गंभीर आरोप हैं.
पूरे देश में इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण मारे गए लोगों की वास्तविक संख्या की पुष्टि करना भी मुश्किल है. सरकार के विरोधियों का कहना है कि सरकार हिंसा के पैमाने को कम दिखाने की कोशिश कर रही है.
हालात पर काबू पाने के लिए यहां प्रशासन की ओर से कर्फ्यू लगा दिया गया है.

