
सिंगर पलक मुच्छल का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम, इंसानियत की मिसाल, 3800 बच्चों को जीवनदान
बॉलीवुड की फेमस सिंगर पलक मुच्छल चर्चा में हैं। वो अपनी कमाई की ज्यादातर हिस्सा हार्ट सर्जरी के लिए दान करती हैं। अब उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। उन्होंने अब तक 3800 बच्चों की हार्ट सर्जरी करवाई है।
अपनी दिलकश आवाज और सोलफुल म्यूजिक के लिए फेमस बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छल ने अब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है। वो भी अपने संगीत के लिए नहीं, बल्कि मानवता की मिसाल कायम करने के लिए।
इंदौर में जन्मीं पलक मुच्छल ने ‘पलक पलाश चैरिटेबल फाउंडेशन’ के जरिए भारत और उसके बाहर वंचित बच्चों की मदद की है। करीब 3800 हार्ट सर्जरी के लिए पैसे जुटाए हैं।
पलक बहुत कम उम्र से ही जरुरतमंदों की मदद करती आई हैं। बचपन में ट्रेन से सफर के दौरान उनकी मुलाकात वंचित बच्चों से हुई। ये वो पल था, जब उनकी जिंदगी बदल गई। उसी दिन उन्होंने खुद से वादा किया कि वो एक दिन उनकी मदद जरूर करेंगी। अब वो अपनी कमाई का काफी हिस्सा जिंदगी को बचाने में लगाती हैं।
पलक ने ‘मेरी आशिकी’, ‘कौन तुझे’, ‘सनम तेरी कसम’, ‘इक मुलाकात’, ‘देखा हजारो दफा’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं। उनके पति मिथुन शर्मा भी कंपोजर हैं। वो इस जर्नी में पलक के साथ खड़े रहते है। उन्होंने कहा कि भले ही शो ना हो, कमाई ना हो, बच्चों की सर्जरी कभी नहीं रुकेगी।

