
ग़ज़ा में संघर्ष विराम का उल्लंघन, इसराइल ने किया हवाई हमले
इसराइल ने मंगलवार रात को ग़ज़ा में हवाई हमले किए हैं. इसराइली अधिकारियों का आरोप है कि हमास ने 'अमेरिकी पहल पर किए गए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है.हमास ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके लड़ाकों ने इसराइली सैनिकों पर हमला नहीं किया.
इसराइल ने मंगलवार रात को ग़ज़ा में हवाई हमले किए हैं. इसराइली अधिकारियों का आरोप है कि हमास ने ‘अमेरिकी पहल पर किए गए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है.’
इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कैट्ज़ ने आरोप लगाया कि हमास ने इसराइली सैनिकों पर हमले किए और बंधकों के शव लौटाने के मामले में तय शर्तों का उल्लंघन किया. वहीं हमास ने इन हमलों में अपना हाथ होने से इनकार किया है और कहा है कि वो संघर्ष विराम के लिए ‘पूरी तरह प्रतिबद्ध है.’ हमास के स्वास्थ्य अधिकारियों और सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के मुताबिक़ इसराइली हमलों में 33 फ़लस्तीनी मारे गए.
इन हमलों में ग़ज़ा शहर, बेत ला, और ख़ान यूनिस समेत कुछ और शहरों में घरों, स्कूल और कई रिहायशी इमारतों को नुक़सान पहुँचा.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने कहा कि उन्हें अब भी भरोसा है कि संघर्ष विराम बरकरार है. इससे पहले, मंगलवार शाम को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी एक संक्षिप्त बयान में कहा गया कि उन्होंने सेना को ‘ज़ोरदार हमले’ करने का आदेश दिया है, लेकिन इसके पीछे की वजह नहीं बताई.
दूसरी ओर इसराइल के विदेश मंत्री इसराइल कैट्ज़ ने कहा कि हमास ने मंगलवार को ग़ज़ा में इसराइली सैनिकों पर हमला कर ‘रेड लाइन क्रॉस की’. उन्होंने चेतावनी दी, “सैनिकों पर हमले करने और बंधकों के शव लौटाने के समझौते का उल्लंघन करने की हमास को कई गुना ज़्यादा क़ीमत चुकानी पड़ेगी.”
हमास ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके लड़ाकों ने इसराइली सैनिकों पर हमला नहीं किया. बयान में कहा गया, “हमास स्पष्ट करता है कि उसका रफ़ा में हुई गोलीबारी की घटना से कोई संबंध नहीं है और वह संघर्ष विराम समझौते को लेकर प्रतिबद्ध है. ग़ज़ा पट्टी के इलाक़ों पर फ़ासीवादी इसराइली सेना की आपराधिक बमबारी संघर्ष विराम समझौते का खुला उल्लंघन है.”

