
गोरखपुर-बस्ती मंडल के 11 रूटों पर चलेंगी मुख्यमंत्री जनता सेवा बसें
क्षेत्रीय परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों को ग्रामीण क्षेत्रों में चलाने के लिए पहले मंडल के 22 रूटों पर प्रस्ताव तैयार किया गया था। जिले के एक रूट ढाड़ा-पिपराइच-गोरखपुर पर बसें चलेंगी।
क्षेत्रीय परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर परिक्षेत्र (गोरखपुर व बस्ती मंडल) के 11 रूटाें पर मुख्यमंत्री जनता सेवा बसें चलेंगी। मुख्यालय लखनऊ ने बसों के संचालन को लेकर हरी झंडी दे दी है।
मुख्यालय के दिशा-निर्देश पर परिवह निगम ने बस चलाने की तैयारी आरंभ कर दी है। मुख्यमंत्री बस सेवा के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों से शहर का आवागमन सुगम हो जाएगा। किराया भी सामान्य से 20 प्रतिशत कम लगेगा।बसों के रूटों पर विचार करते हुए 11 रूटों पर इन बसों के संचालन को स्वीकृति मिली है। इसमें जिले के एक रूट ढाड़ा-पिपराइच-गोरखपुर पर बसें चलेंगी।
इसके साथ ही देवरिया, सिद्धार्थनगर, सोनौली, महराजगंज व बस्ती के ग्रामीण रूट पर चलाई जाएंगी। जल्द ही इन रूटों पर पहली बार में 25 बसों का संचालन दो से तीन फेरों में किया जाएगा। इससे हर रूट पर कम से कम एक बस चल सके। बाद में इसे बढ़ाया जाएगा।
आठ लाख किलोमीटर पूर्ण कर चुकी बसों को इस योजना के अंतर्गत 20 फीसदी कम किराये पर चलाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसका किराया भी 20 फीसदी कम कर नए सिरे से इस बस के लिए तय किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसके साथ ही परिवहन निगम के क्षेत्र में कुल 22 रूटों पर 25 बसों का संचलन किया जाएगा।
यह बसें 100 किलोमीटर के दायरे में ही चलेंगी जिसे दिन की अंतिम फेरों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में ही विश्राम करना पड़ेगा। इससे सुबह-सुबह ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यात्रा प्रारंभ करने में सहूलियत मिल सके।

