गोरखपुर: चौरीचौरा में निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

24 वर्षीय कुश चौधरी सेना भर्ती की कर रहा था तैयारी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; सभी पहलुओं पर जांच जारी

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

चौरीचौरा थाना क्षेत्र के जंगल महादेवा गांव में गुरुवार देर रात एक निर्माणाधीन मकान में 24 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुश चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सेना भर्ती की कर रहा था तैयारी

मृतक कुश चौधरी, स्वर्गीय गौरीशंकर चौधरी का पुत्र था। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार वह सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसका बड़ा भाई दीनानाथ चौधरी ब्रह्मपुर ब्लॉक में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।

निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला शव

गुरुवार देर रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव चौखट से फंदे के सहारे लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौरीचौरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक का शव चौखट से फंदे के सहारे लटका मिला था। उसकी मां और फुफेरे भाई ने शव को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button