गोरखपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: सपा सरकार में चलता था ‘सैफई सिंडिकेट’, बूथ अध्यक्षों को दिया 2027 चुनाव का मंत्र

गोरखपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा पर झूठ फैलाने व जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से विपक्ष की साजिशों के प्रति सतर्क रहने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की। सीएम ने कहा कि "बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र है" और 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने का विश्वास जताया।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में आयोजित भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों को झूठा नैरेटिव फैलाने वाला बताते हुए बूथ अध्यक्षों से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से सक्रिय और सतर्क रहने का आह्वान किया।

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस और सपा की “शरारती साजिशों” तथा नकारात्मक नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।

‘सपा सरकार में चलता था सैफई सिंडिकेट’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में नौकरी से लेकर सरकारी योजनाओं तक हर जगह “सैफई सिंडिकेट” का दबदबा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारी नौकरियों और योजनाओं में एक विशेष समूह की मनमानी चलती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ व्यवस्था को बदला है।

‘भाजपा सत्य के साथ, विपक्ष झूठे नैरेटिव के सहारे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का सिद्धांत है कि “एक झूठ को सच साबित करने के लिए उसे सौ बार बोलो”, जबकि भाजपा केवल सत्य पर विश्वास करती है और इसी कारण जनता के बीच विश्वास का प्रतीक बनी है।

उन्होंने कहा कि समाज में दो प्रवृत्तियां होती हैं—एक सत्य, भलाई और धर्म की, जबकि दूसरी असत्य, अराजकता और बुराई की। भाजपा सत्य, विकास और लोककल्याण के साथ खड़ी है, जबकि विपक्ष गुंडागर्दी, माफियावाद, उपद्रव और लूट की राजनीति करता है।

कांग्रेस और सपा पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक लाख रुपये देने का झूठा वादा किया, जबकि कांग्रेस और सपा ने आरक्षण को लेकर भी गलत नैरेटिव तैयार किया।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और सरदार वल्लभभाई पटेल को वास्तविक सम्मान भाजपा सरकार ने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने डॉ. आंबेडकर और सरदार पटेल की बजाय जिन्ना का महिमामंडन किया।

‘पहले किसानों को भड़काया, अब छात्रों को भड़का रहे’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समाज को जातियों के आधार पर बांटने का काम करती हैं और आंदोलन के जरिए छात्रों को भड़काने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने बिना किसी आंदोलन का नाम लिए कहा कि पहले इसी तरह नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में भी लोगों को भड़काया गया था।

सीएम योगी ने कहा कि बंगाल, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हिंदू, जैन और बौद्ध समुदाय पर होने वाले अत्याचारों पर कांग्रेस और सपा मौन रहती हैं। उनके अनुसार, पहले किसानों को भड़काया गया और अब छात्रों को भड़काने की कोशिश की जा रही है।

बूथ अध्यक्षों से किया सतर्क रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष फिर से समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश कर सकता है। इसलिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर विपक्ष की कथित साजिशों और भ्रामक प्रचार को बेनकाब करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की।

‘बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ स्तर पर लड़ी जाती है।

उन्होंने कहा कि “जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा।” बूथ ही किसी भी चुनाव का वास्तविक कुरुक्षेत्र है और वहां जीत उसी की होगी, जिसके पास अधिक जनसंपर्क और जनसमर्थन होगा।

बूथ अध्यक्षों की तुलना सीमा पर तैनात सैनिकों से की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बूथ अध्यक्षों की तुलना सीमा पर तैनात सैनिकों से करते हुए कहा कि जैसे सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, उसी तरह सक्रिय बूथ संगठन लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के बल पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर उनका अभिनंदन किया और भाजपा महानगर इकाई की सराहना की।

डबल इंजन सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और आज दुनिया भारत को सम्मान और विश्वास की दृष्टि से देखती है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिना किसी भेदभाव के गरीबों तक आवास, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान में देश के 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के समय गरीबों की भूख से मौत होने की घटनाएं सामने आती थीं। उन्होंने कुशीनगर में मुसहर समुदाय की भूख से मौत का भी उल्लेख किया।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि सरकार द्वारा भेजे गए 100 रुपये में केवल 15 रुपये ही गरीब तक पहुंचते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

‘9 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से मिली सरकारी नौकरी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जिसमें न सिफारिश चली और न ही पैसे या जुगाड़ का सहारा लिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में एसडीएम भर्ती सहित कई भर्तियों में एक विशेष जाति को प्राथमिकता दी जाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर और उत्तर प्रदेश के युवाओं को सम्मान की नजर से नहीं देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश के युवा देशभर में सम्मान प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित किया है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्याचल धाम का विकास तथा नैमिषारण्य तीर्थ के विकास जैसे कार्य इसका उदाहरण हैं।

सिक्सलेन फ्लाईओवर के लोकार्पण समारोह में आने का दिया निमंत्रण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर को शहर के विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए सभी लोगों को गुरुवार को होने वाले इसके लोकार्पण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

उन्होंने लोगों से फ्लाईओवर पर जाकर सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की भी अपील की।

वंदे मातरम् से हुआ सम्मेलन का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।

सम्मेलन को सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने भी संबोधित किया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह, महामंत्री अच्युतानंद शाही, ओमप्रकाश शर्मा, मंत्री अजय श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्य सहित महानगर इकाई के अन्य पदाधिकारी तथा गोरखपुर शहर विधानसभा के 457 और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के 435 बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button