
DDU से निकली विशाल योग जागरूकता रैली, मेयर ने दिखाई हरी झंडी; VC बोलीं- योग को बनाएं जीवन का हिस्सा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रहे दो सप्ताह के कार्यक्रमों के क्रम में गुरुवार को एक विशाल योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सुबह करीब 6 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली छात्रसंघ चौराहा, पैडलेगंज होते हुए रामगढ़ताल स्थित नौका विहार पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं, एनएसएस स्वयंसेवक, शिक्षक और विश्वविद्यालय के कर्मचारी शामिल रहे।

प्रोफेसरों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
योग जागरूकता रैली में विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी, प्रो. विनीता पाठक, प्रो. रविकांत उपाध्याय, प्रो. शरद मिश्र, प्रो. एस.के. सिंह, डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दुबे, प्रो. विमलेश मिश्र और प्रो. सुषमा पांडे समेत कई वरिष्ठ शिक्षकों ने भाग लिया।
इसके अलावा एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के निदेशक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रैली का हिस्सा बने। पूरी रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के रामवृक्ष यादव और मुख्य नियंता डॉ. टी.एन. मिश्र सक्रिय रहे।
समाज को योग से जोड़ने का प्रयास
रैली के संयोजक प्रो. आमोद कुमार राय और प्रो. सत्यपाल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर समाज को भी स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि योग जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को योग के महत्व से जोड़ने और उसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सेल्फ फाइनेंस कॉलेज मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार राय समेत शहर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
नौका विहार पर कुलपति ने दिया स्वास्थ्य का संदेश
सुबह 6:40 बजे रैली रामगढ़ताल स्थित नौका विहार पहुंची, जहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक वैश्विक सामाजिक आंदोलन बन चुका है। पूरी दुनिया ने योग की शक्ति को स्वीकार किया है। विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाना है। नियमित योग अभ्यास से ही स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण संभव है।”
NCC, NSS और रोवर्स-रेंजर्स ने निभाई अहम भूमिका
रैली को सफल बनाने में एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स-रेंजर्स की टीमों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन एवं प्रबंधन में प्रो. अजय कुमार चौबे, डॉ. संजय तिवारी, डॉ. राहुल मिश्र, डॉ. तुलिका मिश्र, डॉ. मीतू सिंह और डॉ. सुनीता समेत कई शिक्षकों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
योग दिवस से पहले जागरूकता का संदेश
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं और आम नागरिकों को योग से जोड़ने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। योग जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना था कि नियमित योग अभ्यास बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी है।


