SIT जांच में दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा
मुख्यमंत्री ने अयोध्या दौरे के दौरान मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है, जो निष्पक्ष तरीके से तथ्य सामने लाएगा।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सीएम योगी शुक्रवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 1857 के बाद अंग्रेजों ने देश के युवाओं को दबाने का प्रयास किया, लेकिन युवा दबा नहीं। चौरी-चौरा, काकोरी ट्रेन को अंजाम दिया। अंग्रेज ज्यादा दिन ठहर नहीं पाए। आज यह देश आजाद है। नए उत्तर प्रदेश में हम रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और अयोध्या के विकास व राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
हाल ही में चर्चा में आए राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर बोलते हुए सीएम योगी ने साफ किया कि इस पूरे प्रकरण की एसआईटी (SIT) जांच चल रही है और जल्द ही ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून 2026 को तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के नेतृत्व में टीम ने अयोध्या पहुंचकर मंदिर परिसर से संबंधित दस्तावेजों को जुटाना शुरू कर दिया है। टीम को सात दिन के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिन के अंदर अंतिम रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

