
ट्रंप की धमकी, ग्रीनलैंड पर अमेरिका का साथ नहीं दिया तो लगाएंगे भारी टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों पर टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है जो ग्रीनलैंड को क़ब्ज़े में लेने की उनकी महत्वाकांक्षाओं का समर्थन नहीं करते।
डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड के मुद्दे पर अब पूरी दुनिया को एक नई धमकी दे दी है। ट्रंप ने कहा है कि सभी देशों को ग्रीनलैंड पर कब्जे की अमेरिकी योजना का साथ देना होगा। ऐसे देश जो इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ नहीं देंगे, उन पर भारी टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप की ग्रीनलैंड पर कब्जे से जुड़ी बयानबाजी में यह सबसे नया कमेंट है। पहली बार उन्होंने ग्रीनलैंड के मुद्दे पर टैरिफ का जिक्र अपने बयान में किया है।
ट्रंप लगातार कह रहे हैं कि ग्रीनलैंड पर अमेरिका का नियंत्रण होना चाहिए क्योंकि यह उनके देश की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है। डेनमार्क, ग्रीनलैंड और यूरोप के ज्यादातर देश अमेरिका की इस योजना के विरोध में हैं। ग्रीनलैंड प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर द्वीप है, जो उत्तरी अमेरिका और आर्कटिक के बीच में है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जो देश ग्रीनलैंड पर कब्जे के उनके प्लान का समर्थन नहीं करेंगे, वह उन पर ‘सजा’ के तौर पर नए टैरिफ लगा सकते हैं। वाइट हाउस में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि कैसे उन्होंने यूरोपीय सहयोगियों को फार्मास्यूटिकल्स पर टैरिफ लगाने की धमकी देकर काम निकाला।

