गोरखपुर, नए साल के जश्न में नशा पड़ा भारी, 41 पहुंचे अस्पताल

नए साल के जश्न के दौरान गोरखपुर में नशे में वाहन चलाने से कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हुईं। कुल 41 लोग घायल होकर जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए। अधिकांश घायल नशे में तेज रफ्तार बाइक चला रहे थे और हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं। कुछ लोग मारपीट में भी घायल हुए, जिनका उपचार जारी है।

गोरखपुर। नव वर्ष के जश्न के दौरान नशे में वाहन चलाना कई लोगों पर भारी पड़ गया। शराब के नशे में तेज रफ्तार बाइक चलाने के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी का सिर फट गया तो किसी के हाथ-पैर टूट गए। कुछ लोग मारपीट में घायल हुए। 41 घायलों को जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में बुधवार रात आठ बजे से गुरुवार रात आठ बजे तक कुल 16 घायल पहुंचे। इनमें से सात को सिर में चोट है। दो के सीने में गंभीर चोट लगी है। सात लाेग मारपीट में घायल हुए हैं, इनमें से दो को प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया, शेष को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डा. बीके सुमन के अनुसार, अधिकतर मामलों में घायल युवक नशे की हालत में बाइक चला रहे थे। बीआरडी मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में इस अवधि के दौरान 25 घायल लाए गए। इनमें से 22 लोगों के सिर में गंभीर चोटें हैं या शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म पाए गए।
उन्हें सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया है। तीन घायलों के पैर टूटे हुए हैं, उन्हें आर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. बीएन शुक्ला ने बताया कि नव वर्ष पर शराब पीने की वजह से लोग दुर्घटना के शिकार हुए और गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से कई हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे, जिसके कारण सिर में गंभीर चोटें आईं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button