
एआई समिट में भारत के डिजिटल सिस्टम के कायल हुए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के डिजिटल सिस्टम की तारीफ की है। इस दौरान उन्होंने डिजिटल आईडी, डिजिटल लेन-देन और डिजिटल हेल्थ आईडी को जमकर सराहा है।
भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट को संबोधित करते हुए फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के यूपीआई (यूनिफ़ाइड पेमेंट इंटरफ़ेस) सिस्टम की तारीफ़ की है। मैक्रों ने भारत के हेल्थ इन्फ़्रास्ट्रक्चर की भी तारीफ़ की है।
उन्होंने कहा, “भारत ने वह बनाया है जो दुनिया के किसी और देश ने नहीं बनाया। 1.4 अरब लोगों के लिए एक डिजिटल पहचान. एक पेमेंट सिस्टम, जिसके ज़रिए अब हर महीने 20 अरब ट्रांजेक्शन्स होते हैं। एक हेल्थ इन्फ़्रास्ट्रक्चर, जिसके ज़रिए 50 करोड़ डिजिटल हेल्थ आईडी जारी हुईं।”
उन्होंने आगे कहा कि, ‘पिछले साल जब फ्रांस और भारत ने पेरिस में एआई एक्शन समिट की सह-मेजबानी की थी, तब हमने उन तकनीकों के लिए एक वैश्विक मार्गदर्शक सिद्धांत निर्धारित किया था जो हमारे समाजों और अर्थव्यवस्थाओं को बदल देंगी। हमारा मानना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानवता को तेजी से नवाचार करने, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, परिवहन, कृषि और सार्वजनिक सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सक्षम बनाएगी, जो मानव जाति के हित में होगा। हम दोनों इस क्रांति में विश्वास करते हैं। एआई रणनीतिक प्रतिस्पर्धा का एक प्रमुख क्षेत्र बन गया है, और बड़ी तकनीकी कंपनियां और भी बड़ी हो गई हैं।’

