गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबा 10वीं का टॉपर छात्र: मां ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप, NDRF ने बरामद किया शव

गोरखपुर में 16 वर्षीय छात्र अंश मौर्या की राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। अंश 10वीं में स्कूल टॉपर था और दोस्तों के साथ नहाने गया था। अगले दिन NDRF ने उसका शव बरामद किया। मां ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने ही बेटे को डुबोया, क्योंकि वह पढ़ाई में तेज था। नदी किनारे कपड़े मिलने और दोस्तों के बयान बदलने पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में राप्ती नदी में नहाने गए 10वीं के स्कूल टॉपर छात्र की डूबने से मौत हो गई। छात्र अपने पांच दोस्तों के साथ नदी पर गया था। घटना के बाद नदी किनारे छात्र के कपड़े मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे NDRF टीम ने छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मां प्रतिमा मौर्या रोते-बिलखते हुए बोलीं कि उनके बेटे ने हाई स्कूल में स्कूल टॉप किया था और उससे जलन रखने वाले दोस्तों ने ही उसे डुबोकर मार डाला। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पढ़ाई में बेहद होशियार था।

नदी किनारे मिले छात्र के चप्पल

11वीं का छात्र था अंश

मृतक छात्र की पहचान अंश मौर्या (16) के रूप में हुई है। वह झंगहा स्थित आदित्य पब्लिक स्कूल में 11वीं का छात्र था। उसकी मां प्रतिमा मौर्या ने बताया कि इस बार अंश ने हाई स्कूल में टॉप किया था।

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर अंश अपने पांच दोस्तों के साथ घर से निकला था। शाम करीब 3 बजे परिवार को उसके राप्ती नदी में डूबने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

मामा के घर रहकर करता था पढ़ाई

पुलिस के अनुसार, अंश के पिता राम प्रवेश मौर्या पंजाब में टाइल्स ठेकेदार के रूप में काम करते हैं। उन्हें भी घटना की सूचना दे दी गई है।

अंश का घर रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के महेवा इलाके में है, लेकिन वह झंगहा के रामनगर स्थित अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। उसकी मां प्रतिमा भी वहीं रह रही थीं। अंश दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई अरूष का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

रात में नहीं हो सका रेस्क्यू, सुबह फिर शुरू हुई तलाश

शाम अधिक हो जाने के कारण पहले दिन NDRF की टीम रेस्क्यू अभियान पूरा नहीं कर सकी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दोबारा तलाश शुरू की गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे छात्र का शव नदी से बरामद किया गया।

शव मिलने के बाद मां बेसुध होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोग उन्हें संभालते रहे।

दोस्तों के बयान पर उठे सवाल

पुलिस ने छात्र के साथ गए दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में दोस्त स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। उनका कहना है कि अंश कपड़े पहनकर नदी में नहा रहा था और अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

हालांकि पुलिस को नदी किनारे झाड़ियों में अंश के कपड़े मिले हैं, जिसके बाद दोस्तों पर शक गहरा गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया-

छात्र की तलाश में नदी में रेस्क्यू चल रहा है। शुक्रवार दोपहर 1 बजे किशोर की डेड बॉडी मिल गई है। अब पोस्टमार्टम और FIR के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button