गोरखपुर में किशोरी से दुष्कर्म करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार: बच्चा पैदा कराने के लिए दिया लालच, गर्भवती होने पर छोड़कर फरार हुए

गोरखपुर में संतान पाने की चाह में एक दंपति ने 15 वर्षीय किशोरी को पैसों और बेहतर जिंदगी का लालच देकर दुष्कर्म किया । किशोरी के गर्भवती होने पर आरोपी पति और उसकी पत्नी मथुरा फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर थाने में मामला दर्ज हुआ। एक साल से फरार दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर 

गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में एक किशोरी को बच्चा पैदा कराने के लिए लालच देकर उसका दुष्कर्म करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पिछले एक साल से फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर शाहपुर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा जिले के कोसीकला क्षेत्र स्थित नंदगांव बाईपास रोड निवासी पति और पत्नी के रूप में हुई है। दोनों शाहपुर इलाके में किराए के मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद संतान न होने पर उन्होंने एक 15 वर्षीय किशोरी को पैसों और बेहतर जीवन का लालच देकर बच्चा पैदा करने के लिए उसे मनाया था।

जब किशोरी गर्भवती हो गई, तब दोनों शाहपुर स्थित किराए का मकान छोड़कर मथुरा फरार हो गए। इसके बाद किशोरी की शिकायत पर वर्ष 2024 में शाहपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

नगर निगम में संविदा कर्मचारी था आरोपी

शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह के अनुसार, आरोपी पति गोरखपुर नगर निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। नौकरी मिलने के बाद वह पत्नी के साथ शाहपुर क्षेत्र में किराए पर रहने लगा था।

इसी दौरान उसकी पहचान एक किशोरी से हुई। आरोप है कि दोनों पति-पत्नी ने किशोरी को आर्थिक मदद और बेहतर जिंदगी का भरोसा देकर अपने साथ रहने के लिए राजी किया। कुछ समय बाद किशोरी गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे पैसे देना बंद कर दिया और अचानक मकान खाली कर फरार हो गए।

सही पता न मिलने से पुलिस को हुई परेशानी

गर्भवती किशोरी ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि, नगर निगम के रिकॉर्ड में आरोपियों का सही पता दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस को उनकी तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि दोनों गोरखपुर आए हुए हैं, जिसके बाद शाहपुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने भेजा जेल

सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button