गोरखपुर: नाला निर्माण में देरी पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, निर्माण फर्म ब्लैकलिस्ट; सितंबर तक पूरा होगा शेष कार्य

जनवरी 2025 तक पूरा होना था 12 करोड़ का आरसीसी नाला प्रोजेक्ट, दो साल बाद भी अधूरा; 3.25 करोड़ में नए ठेकेदार को सौंपा गया बचा हुआ काम

आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

रामजानकीनगर कॉलोनी गेट से कौशलपुरम होते हुए स्पोर्ट्स कॉलेज तक करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आरसीसी नाला एवं स्लैब निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी पर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर निर्माण कार्य कर रही फर्म  को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, परियोजना का शेष निर्माण कार्य  कंस्ट्रक्शन फर्म को 3.25 करोड़ रुपये में सौंपा गया है। नए ठेकेदार को सितंबर 2026 के अंत तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

जनवरी 2025 तक पूरा होना था प्रोजेक्ट

आरसीसी नाला निर्माण कार्य 20 जुलाई 2024 को शुरू हुआ था और इसे जनवरी 2025 तक पूरा किया जाना था। हालांकि, निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी और करीब दो वर्ष बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।

निर्माण फर्म की ओर से देरी का कारण बिजली के पोल और तारों की शिफ्टिंग में हुई देरी बताया गया था।

गर्भवती गाय की मौत के बाद तेज हुई कार्रवाई

बीते 26 जून को निर्माणाधीन नाले में एक गर्भवती गाय गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया।

घटना के बाद नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने संबंधित अभियंताओं और ठेकेदार को नोटिस जारी किया था।

लापरवाही पर फर्म हुई ब्लैकलिस्ट

नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी ने बताया कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और लगातार देरी को देखते हुए संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। अब शेष कार्य नए ठेकेदार के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कर आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button