गोरखपुर में पत्नी से परेशान इंजीनियर ने की खुदकुशी: मंदिर में पूजा के बाद पेड़ से लगाई फांसी, वीडियो बनाकर बताया दर्द

गोरखपुर में पत्नी से चल रहे विवाद से परेशान एक इंजीनियर ने मंदिर में पूजा करने के बाद सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने वीडियो बनाकर पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। इंजीनियर मध्य प्रदेश की निजी कंपनी में काम करता था और 6 साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था। फैमिली कोर्ट में केस की सुनवाई के बाद वह गोरखपुर आया था। पुलिस को उसका शव मंदिर के पास पेड़ से लटका मिला। मामले की जांच जारी है।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर:
गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में पत्नी से चल रहे विवाद और कोर्ट केस से परेशान एक इंजीनियर ने मंदिर में पूजा करने के बाद पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उन्होंने 1 मिनट 48 सेकेंड का वीडियो बनाया, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को बताया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


मध्य प्रदेश में निजी कंपनी में थे इंजीनियर

मृतक की पहचान Pradyuman Kumar Yadav (33) के रूप में हुई है। वह कुशीनगर जिले के रहने वाले थे और मध्य प्रदेश की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।

प्रद्युमन की शादी 2 जून 2017 को कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सोहाग गांव निवासी महिला से हुई थी। शादी के बाद दोनों कुछ समय हरियाणा में साथ रहे। उनकी एक पांच साल की बेटी भी है।


6 साल से चल रहा था विवाद

परिजनों के मुताबिक, साल 2020 से पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। पत्नी ने प्रद्युमन और उनके परिवार पर दहेज उत्पीड़न और भरण-पोषण से जुड़ा मुकदमा दर्ज कराया था।

यह मामला पडरौना फैमिली कोर्ट में चल रहा था। केस की सुनवाई के सिलसिले में प्रद्युमन 10 मई को मध्य प्रदेश से घर आए थे। 12 मई को कोर्ट में पेशी हुई, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। इसके बाद अगली सुनवाई 21 जुलाई 2026 तय की गई।


जंगल के मंदिर में पूजा के बाद उठाया कदम

सुनवाई के बाद प्रद्युमन अपने जीजा के घर हाटा गए थे। गुरुवार को वह लुधियाना जाने के लिए निकले। उनकी ट्रेन गोरखपुर जंक्शन से थी।

रास्ते में कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माता मंदिर में उन्होंने दर्शन किए। इसके बाद मंदिर के पास एक पेड़ पर गमछे का फंदा लगाया। फिर नीचे उतरकर मोबाइल से वीडियो बनाया और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया।

वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उन्होंने उसी पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


गांव वालों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा। पास में रखे बैग की तलाशी लेने पर मिले दस्तावेजों से मृतक की पहचान हुई।

इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


भाई बोले- केस से परेशान थे

मृतक के भाई राघवेंद्र ने बताया कि प्रद्युमन लंबे समय से केस को लेकर तनाव में थे। बार-बार छुट्टी लेकर कोर्ट आना पड़ता था, जिससे उनके काम पर भी असर पड़ रहा था।


वीडियो में क्या कहा इंजीनियर ने

सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में प्रद्युमन ने कहा कि वह जिंदगी की जंग हार चुके हैं और पत्नी के अत्याचारों से टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से उनके मन में आत्महत्या का विचार चल रहा था।

वीडियो में उन्होंने अपने बड़े भाई से मां-बाप का ख्याल रखने की अपील भी की और कहा कि वह अपने माता-पिता को दुख देकर जा रहे हैं, लेकिन अपनी पीड़ा के आगे वह सब भूल चुके हैं।


पुलिस कर रही जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button