गोरखपुर को 22 जुलाई को मिलेगी पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर की सौगात, सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर, देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर और 9 किमी फोरलेन मार्ग का लोकार्पण करेंगे। इससे पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग पर जाम से राहत मिलेगी और लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज व देवरिया की ओर आवागमन तेज व सुगम होगा। फ्लाईओवर को आकर्षक एलईडी लाइटों और सांस्कृतिक चित्रों से भी सजाया गया है।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी सिक्सलेन फ्लाईओवर परियोजना अब पूरी तरह तैयार हो चुकी है। शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर के साथ देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर और नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को लोकार्पण करेंगे। इसके शुरू होने से ट्रांसपोर्टनगर, महेवा, रुस्तमपुर, नहर रोड और देवरिया बाईपास क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में

लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर और समारोह स्थल का निरीक्षण किया। बारिश के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग पर जीडीए कार्यालय से पहले स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित किया जाएगा।

फ्लाईओवर के नीचे भी सुचारु होगा यातायात

कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने फ्लाईओवर के निर्माण के साथ उसके नीचे से भी यातायात पूरी तरह सुचारु करने की तैयारी पूरी कर ली है। फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे लगी शटरिंग और निर्माण सामग्री हटा दी गई है, जिससे देवरिया बाईपास फोरलेन और सिक्सलेन फ्लाईओवर के नीचे से भी वाहनों का आवागमन बिना किसी बाधा के हो सकेगा।

शहर से बाहर निकलना होगा आसान, जाम से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाना है। अब तक पैडलेगंज से नौसढ़ तक पहुंचने में जाम के कारण कई बार एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता था। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह सफर काफी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।

इस परियोजना से शहर के भीतर यातायात सुगम होने के साथ-साथ लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी बिना रुकावट बेहतर मार्ग मिलेगा। वहीं, देवरिया बाईपास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तैयार किया गया फोरलेन फ्लाईओवर इस परियोजना की अहम कड़ी है।

इससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों का दबाव विभाजित होगा, चौराहों पर जाम की स्थिति काफी हद तक खत्म होगी और भारी वाहनों व लंबी दूरी की बसों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

एलईडी लाइट और चित्रकारी बढ़ा रही फ्लाईओवर की खूबसूरती

यह फ्लाईओवर केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनेगा। सिक्सलेन फ्लाईओवर पर लगाए गए तिरंगा थीम के एलईडी स्ट्रीट लाइट पोल रात में इसे आकर्षक स्वरूप दे रहे हैं। वहीं, फ्लाईओवर के खंभों पर बनाई गई चित्रकारी में गोरक्षनगरी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक देखने को मिलती है, जो राहगीरों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

सिक्सलेन फ्लाईओवर की प्रमुख विशेषताएं

  • लंबाई: 2.658 किलोमीटर
  • चौड़ाई: छह लेन (3×7.50 मीटर)
  • कुल लागत: 429.49 करोड़ रुपये
  • निर्माण कार्य प्रारंभ: फरवरी 2023
  • निर्धारित पूर्णता अवधि: जनवरी 2026
  • लोकार्पण: 22 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे
  • साथ में उद्घाटन: नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी लोकार्पण
  • मुख्य लाभ: पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग पर जाम से राहत और क्षेत्रीय व अंतरजनपदीय यातायात होगा अधिक सुगम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button