गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास, सीएम योगी बोले- जाति और भाषा के नाम पर बांटने वाले हितैषी नहीं

गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ ने 393 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने कहा कि जाति और भाषा के नाम पर बांटने वाले जनता के हितैषी नहीं हैं। वहीं पुरी ने योगी की प्रशासनिक क्षमता की तारीफ की। ताल नदोर में बन रहा यह स्टेडियम 2027 तक तैयार होगा।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर 

गोरखपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए।

शनिवार सुबह केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए।

समारोह में शामिल होने के लिए सांसद रवि किशन कार पूल करके पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और कुशीनगर सांसद विजय दुबे भी मौजूद रहे।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी

सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

ताल नदोर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटते हैं, वे जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि जब भी ऐसे लोगों को सत्ता मिली, उन्होंने उसका उपयोग अपने परिवार के लिए किया, जनता के हित के लिए नहीं।

IAS सुहास एलवाई, ताल नदोर में बनने वाले इंटर नेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बारे में बताते हुए।

हरदीप सिंह पुरी बोले- युवाओं के सपनों को नई दिशा देगा स्टेडियम

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्टेडियम परियोजना का शुभारंभ नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का संकल्प है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आमतौर पर उनकी छवि एक सख्त और दृढ़ प्रशासक की है, लेकिन वे हर विषय को गहराई से समझने और योजनाओं की बारीकियों पर काम करने की अद्भुत क्षमता रखते हैं।

बटन दबाकर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया।

एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर भी हुई चर्चा

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि जब एथेनॉल ब्लेंडिंग का प्रस्ताव रखा गया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्ताव भेजिए, उत्तर प्रदेश में इसे लागू किया जाएगा।

393 करोड़ की लागत से बन रहा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम

करीब 393 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है। यह स्टेडियम गोरखपुर मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर वाराणसी हाईवे स्थित ताल नदोर में बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था।

2027 तक पूरा होगा निर्माण कार्य

औपचारिक शिलान्यास से पहले ही सरकार की ओर से परियोजना लागत की पहली किस्त 63.39 करोड़ रुपए जारी कर दी गई थी, जिससे निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 (भवन) के अनुसार अब तक करीब 7 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button