
गोरखपुर में लालडिग्गी के पास बनेगा तीसरा मल्टीलेवल पार्किंग, 120 करोड़ की पांच परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत पार्किंग, वेंडिंग जोन, कलाग्राम, को-वर्किंग स्पेस और थीमेटिक पार्क विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत पार्किंग, वेंडिंग जोन, कलाग्राम, को-वर्किंग स्पेस और थीमेटिक पार्क विकसित करने की तैयार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CMVNY) के तहत गोरखपुर नगर निगम ने शहर को जाम मुक्त बनाने और नागरिक सुविधाओं को आधुनिक स्तर पर विकसित करने के लिए करीब 120 करोड़ रुपये की पांच महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सभी परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगर निगम ने इस बार शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल पार्किंग और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
लालडिग्गी के पास बनेगा तीसरा मल्टीलेवल पार्किंग
प्रस्ताव के तहत शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल लालडिग्गी पार्क के पास करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य बढ़ते ट्रैफिक और पार्किंग संकट को दूर करना है।
इस पूरे मास्टर प्लान को शीर्ष अधिकारियों की समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। समिति में महापौर (अध्यक्ष), जिलाधिकारी (सचिव), नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता शामिल रहे।
10 करोड़ से बनेगी तीन-स्तरीय वर्टिकल मैकेनिकल पार्किंग
योजना के तहत शहर के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले और कम जगह वाले बाजारों में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से थ्री-लेयर वर्टिकल मैकेनिकल पार्किंग बनाई जाएगी। आधुनिक तकनीक पर आधारित इस पार्किंग में वाहनों को तीन स्तरों पर खड़ा किया जा सकेगा, जिससे कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग संभव होगी।
वेंडिंग जोन से मिलेगा पटरी व्यवसायियों को स्थायी स्थान
इसी परियोजना के तहत एक सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन भी विकसित किया जाएगा। इससे सड़क किनारे दुकान लगाने वाले पटरी व्यवसायियों को निर्धारित स्थान मिलेगा। इसके परिणामस्वरूप जहां उन्हें सुरक्षित रोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या में भी कमी आएगी। इसे शहर के आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अन्य तीन परियोजनाएं भी बदलेंगी शहर की तस्वीर
120 करोड़ रुपये के प्रस्ताव में पार्किंग और वेंडिंग जोन के अलावा तीन अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं भी शामिल हैं।
- पूर्वांचल कलाग्राम: लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वांचल की लोक कला, संस्कृति और शिल्प को बढ़ावा देने के लिए भव्य पूर्वांचल कलाग्राम का निर्माण किया जाएगा।
- जोनल कार्यालय और को-वर्किंग स्पेस: जोन संख्या-04 में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक जोनल कार्यालय और हाईटेक को-वर्किंग स्पेस बनाया जाएगा। इससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी और युवाओं एवं स्टार्टअप्स को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा।
- थीमेटिक पार्क: करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए एक विशेष थीम पर आधारित थीमेटिक पार्क विकसित किया जाएगा।
नगर निगम का मानना है कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर होगी और गोरखपुर के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

