
गोरखपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर के एमएसआई इंटर कॉलेज में शनिवार को माध्यमिक विद्यालयी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह और सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अनुशासन और नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता : डीआईओएस
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के लिए अनुशासन और नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासित जीवनशैली से खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ाते, बल्कि टीम भावना, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित हो रहे खिलाड़ियों में ये सभी गुण स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।
टीम खेलों में सामूहिक जिम्मेदारी अहम : डॉ. राजेश गुप्ता
सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि एकल खेलों में खिलाड़ी की व्यक्तिगत मेहनत सबसे अहम होती है, जबकि टीम खेलों में सभी खिलाड़ियों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है कि वे टीम को जीत दिलाने के लिए बेहतर प्रदर्शन करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि गोरखपुर के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
जिले की खेल उपलब्धियों का प्रस्तुत किया गया ब्यौरा
कार्यक्रम में जनपदीय क्रीड़ा कोषाध्यक्ष एवं राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने वर्ष 2025-26 की माध्यमिक विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में जिले की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के शिवानंद यादव शामिल रहे, जिन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता में किर्गिस्तान में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
इसके अलावा वॉलीबॉल खिलाड़ी आकांक्षा पांडे और हैंडबॉल खिलाड़ी अनन्या यादव को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया था।
72 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले 72 खिलाड़ियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले 10 खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य भानु प्रताप चंद, सुनील कुशवाहा, स्नेह लता, आलोक श्रीवास्तव, जय हिंद यादव, पीएन सिंह, राम हरि यादव, जयप्रकाश यादव, हरिकेश यादव, शक्ति पांडे, नीलम, हृदयेश रावत, रविंदर यादव, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

