“एक सेकेंड में खोपड़ी फूटती है, आदमी निकल लेता है” – गोरखपुर में रवि किशन का भोजपुरिया अंदाज, लोगों को पहनाया हेलमेट

गोरखपुर सांसद रविकिशन ने सड़क सुरक्षा को लेकर देवरिया बाईपास पर अनोखे भोजपुरिया अंदाज में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा– "एक सेकेंड में खोपड़ी फूट जाती है, आदमी मर जाता है, तब क्यों बिना हेलमेट चलते हैं?" उन्होंने राहगीरों को खुद हेलमेट पहनाया और संकल्प दिलाया कि बिना हेलमेट के गाड़ी नहीं चलाएंगे। एक बुजुर्ग को हेलमेट पहनाकर मजाकिया लहजे में बोले– "अब पांडे महाराज की उम्र 20-25 साल बढ़ जाएगी" जिस पर लोग ठहाके लगाने लगे।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर | गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन का अनोखा भोजपुरिया अंदाज इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने शुक्रवार शाम देवरिया बाईपास पर लोगों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट पहनने की अपील की। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बना लिया, जिसे सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।

भोजपुरिया अंदाज में चेताया

लोगों को समझाते हुए रवि किशन ने कहा—
“एक सेकेंड में खोपड़ी फूटती है, आदमी निकल जाता है। कपारे से आदमी मरता है। कपार फूटा, मर गया। तब काहे बिना हेलमेट के चलते हैं।”

उनकी यह सरल और प्रभावी अपील लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।

उद्घाटन के बाद लोगों को पहनाया हेलमेट

रवि किशन देवरिया बाईपास रोड पर स्थित एक फर्म के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने राहगीरों को रोककर हेलमेट पहनाए और उनसे संकल्प दिलवाया कि वे बिना हेलमेट गाड़ी नहीं चलाएंगे।

बुजुर्ग को पहनाया हेलमेट, कहा— “20-25 साल उम्र बढ़ जाएगी”

इस दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाया और मजाकिया लहजे में कहा—
“ई पांडे महाराज को पहना रहे हैं। पांडे महाराज की जिंदगी 20-25 साल और बढ़ जाएगी।”
उनकी इस बात पर मौजूद लोगों में ठहाके गूंज उठे।

“दुर्घटना में अधिकतर ऑन द स्पॉट मर जाते हैं”

सांसद ने कहा कि सबसे ज्यादा मौतें सड़क हादसों में होती हैं। खासकर वे लोग, जो हेलमेट नहीं पहनते, दुर्घटना में अक्सर ऑन द स्पॉट मौत के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा—
“सभी के घर में हेलमेट होता है, लेकिन जल्दबाजी में कोई पहनता नहीं है। कई लोगों को लगता है कि हेलमेट पहन लेंगे तो उनका चेहरा कोई नहीं देखेगा। दिखावे के चक्कर में लोग जान से खिलवाड़ कर लेते हैं।”

“जान है तो जहान है”

रवि किशन ने सिर को सबसे संवेदनशील हिस्सा बताते हुए कहा—
“यहां टक से लगता है, आदमी फटता है, खून फेंकता है और चला जाता है। दिखावे के चक्कर में न पड़ें। लोग आपका शरीर देखते हैं, पैसा नहीं।”

युवाओं ने लिया संकल्प

इस मौके पर युवा विजय पाठक ने सांसद के हाथों हेलमेट पहनने के बाद संकल्प लिया कि वह अब कभी बिना हेलमेट गाड़ी नहीं चलाएंगे। रवि किशन ने इस तरह कई राहगीरों को अपने हाथों से हेलमेट पहनाया और सभी को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button