गोरखपुर में 5 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, घर से लापता होने के अगले दिन झाड़ियों में मिला शव

सहजनवा में CCTV फुटेज के आधार पर किरायेदार हिरासत में, पूछताछ में अपहरण की बात कबूली; शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र की नई कॉलोनी पिपरा में पांच वर्षीय मासूम की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम घर से लापता हुए बच्चे का शव शुक्रवार शाम झाड़ियों में मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक किरायेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फुल्की खाने के लिए घर से निकला था मासूम

मृतक की पहचान 5 वर्षीय अंशुमान सिंह पुत्र विपिन सिंह, निवासी नगर पंचायत सहजनवा, वार्ड नंबर-9, पिपरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई की शाम करीब 5 बजे अंशुमान अपनी दादी से फुल्की खाने के लिए रुपये लेकर घर से निकला था। देर रात तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद परिजन सहजनवा थाने पहुंचे और बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

CCTV में किरायेदार के साथ जाता दिखा बच्चा

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मासूम एक किरायेदार के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस संबंधित लोकेशन तक पहुंची और तलाश करते हुए एक खंडहर के पास झाड़ियों में बच्चे का शव बरामद किया।

बताया जा रहा है कि शव को एक बोरे से ढक दिया गया था। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी हिरासत में, पूछताछ में अपहरण की बात कबूली

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी किरायेदार कल्पेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी, जिससे वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पैसों के लालच में उसने बच्चे का अपहरण किया था।

आरोपी के अनुसार, अपहरण के दौरान बच्चे के सिर में चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

क्षेत्राधिकारी गीडा एन. आनंद ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button