सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों को मिलेंगी नई दुकानें

गोरखपुर में विरासत गलियारा निर्माण से प्रभावित 106 दुकानदारों को दो नए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में पुनर्वासित किया जाएगा। इससे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान और कारोबार को नया आधार मिलेगा।

गोरखपुर। विरासत गलियारा निर्माण के दौरान प्रभावित 100 से ज्यादा दुकानदारों को दो कमर्शियल कांप्लेक्स में पुनर्वासित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम की ओर से इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
घंटाघर में इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि नार्मल परिसर में निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को भी शासन से मंजूरी मिल गई है। इसका निर्माण 36.47 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
नगर निगम द्वारा घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग सहकमर्शियल कांप्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। 27.26 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उम्मीद है कि इसी माह के अंत तक यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसमें 42 दुकानों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें विरासत गलियारा परियोजना से प्रभावित दुकानदारों को आवंटित किया जाएगा। इसके साथ ही नार्मल परिसर में लगभग 36.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में बेसमेंट पार्किंग के साथ चार फ्लोर बनाए जाएंगे। इसमें अलग-अलग आकार की कुल 64 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के अनुसार, दोनों भवनों के तैयार होने के बाद प्रभावित व्यापारियों को बेहतर सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्थान मिलेगा, जिससे उनके कारोबार को भी नया आधार मिल सकेगा और शहर के विकास की रफ्तार भी बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button