
तेज बदबू, स्वाद अनोखा, ऐसा अंडा जिसके खाते ही उम्र बढ़ने का दावा
सोशल मीडिया पर इन दिनों जापान का एक चमत्कारिक अंडा काफी चर्चा में है. इस अंडे की खासियत बताने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि इस एक अंडे को खाने से लोगों की उम्र सात साल बढ़ जाती है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों जापान के एक खास अंडे की खूब चर्चा हो रही है. लोग इसे “उम्र बढ़ाने वाला अंडा” कह रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इस एक अंडे को खाने से इंसान की उम्र सात साल तक बढ़ सकती है. हालांकि वैज्ञानिक रूप से यह दावा पूरी तरह साबित नहीं है, लेकिन इसका स्वाद और अनोखापन इसे दुनिया भर में चर्चित बना रहा है.
इन अंडों को खोलते ही तेज सड़ांध जैसी बदबू आने लगती है. सल्फर की वजह से यह गंध बहुत तीखी होती है. कई पर्यटक पहले तो नाक बंद करके भागने लगते हैं, लेकिन जो लोग हिम्मत करके खाते हैं, वे कहते हैं कि स्वाद काफी अनोखा और लजीज होता है. स्थानीय लोगों और कुछ टूर गाइड्स के अनुसार, यहां का पानी और भाप खनिजों से भरपूर होती है. अंडे को इस भाप में उबालने से उसमें खनिजों की मात्रा बढ़ जाती है. मान्यता है कि इसे नियमित खाने से उम्र बढ़ने में मदद मिलती है. हालांकि वैज्ञानिक इसे पूरी तरह सच नहीं मानते, लेकिन एंटी-एजिंग गुणों की वजह से यह काफी लोकप्रिय है.
यह खास अंडा जापान के ओवाकुदानी (Owakudani) इलाके में मिलता है. यह जगह सल्फर के खदानों और हॉट स्प्रिंग्स के लिए मशहूर है. यहां भाप से अंडे उबाले जाते हैं. भाप में मौजूद सल्फर और अन्य खनिज अंडे को काला रंग दे देते हैं. यही वजह है कि इन्हें “ब्लैक एग्स” भी कहा जाता है.

