
मोबाइल रिचार्ज फिर होंगे महंगे, 2026 में 16 से 20% तक बढ़ सकती हैं कीमतें
भारत की बड़ी टेलीकॉम कंपनियां मोबाइल प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं। इससे प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
भारत की बड़ी टेलीकॉम कंपनियां जैसे रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया अगले साल मोबाइल प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं। मॉर्गन स्टैनली की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में 4G और 5G प्लान की कीमतें 16 से 20 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। इससे प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। यह बढ़ोतरी वित्तीय वर्ष 2027 में कंपनियों की कमाई को बढ़ाएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इससे हर ग्राहक से औसत कमाई यानी ARPU काफी बढ़ जाएगी। ऐसा भी माना जा रहा है कि रिचार्ज बढ़ोतरी से सबसे अधिक फायदा टेलीकॉम कंपनी एयरटेल को होगा। इसके अलावा Vi जैसे छोटे प्लेयर इस इंतजार में हैं कि जियो और एयरटेल जैसे बड़े खिलाड़ी क्या कदम उठाते हैं, फिर ये उसी हिसाब से अपनी चाल चलेंगे।
पिछले कुछ सालों में टेलीकॉम कंपनियों ने तीन बार कीमतें बढ़ाई हैं। इसका मुख्य कारण है कि कंपनियां अपना कारोबार मजबूत रखना चाहती हैं और 5G नेटवर्क में बड़ा निवेश कर रही हैं। 2019 में कीमतें 15 से 50 प्रतिशत तक बढ़ी थीं। फिर 2021 में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पिछले साल यानी 2024 में 10 से 20 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ीं।
मॉर्गन स्टैनली की रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले की कीमत बढ़ोतरी में एयरटेल को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। उसकी कमाई और मुनाफा दूसरे कंपनियों से ज्यादा बढ़ा। अब भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। देश में 5G कवरेज अब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अब कंपनियां भविष्य के लिए तैयार हो रही हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का बड़ा रोल होगा। रिपोर्ट के अनुसार, 2032 तक ARPU 370 से 390 रुपये तक पहुंच सकता है।

