
मोजतबा खामेनेई चुने गए इरान के नए सुप्रीम लीडर
इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के सुप्रीम लीडर को निशाना बनाने की धमकी और तेहरान को अस्थिर करने की कोशिशों को बीच मोजतबा खामेनेई के पीछे देश की सारी संस्थाएं एकजुट दिख रही हैं।
ईरान ने इजरायल-अमेरिका के हमले में अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुना है। सुप्रीम लीडर चुनने के लिए जिम्मेदार ईरानी संस्था ने सोमवार को इसका ऐलान किया है। इजरायल और अमेरिका की ओर से धमकियों के बीच ईरान नए सुप्रीम लीडर के पीछे एकजुट नजर आ रहा है। मोजतबा को समर्थन करने वालों में राष्ट्रपति, पुलिस, पार्लियामेंट के स्पीकर, आईआरजीसी, बासिज पैरामिलिट्री बॉडी, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल और इंटेलिजेंस मिनिस्ट्री शामिल हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सुप्रीम लीडर के चुनाव में दखल की बात कही थी। वहीं इजरायल ने ना सिर्फ नए लीडर बल्कि इसे चुनने वाली काउंसिल तक पर हमले की धमकी दी थी। इसके बावजूद देश की सभी पॉलिटिकल और सिक्योरिटी बॉडी ने उनके चयन पर पूरा सपोर्ट जताया है। सुरक्षा एजेंसियों ने नए सुप्रीम लीडर के लिए सबकुछ करने की बात कही है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा के पीछे खड़ा होना ईरान की तरफ से अमेरिका और इजरायल को एकता का मैसेज है। ईरान ने यह बताने की कोशिश की है कि अली खामेनेई और दूसरे शीर्ष नेताओं की हत्या के बावजूद तेहरान में सत्ता को गिराना विदेशी ताकतों के लिए कोई आसान काम नहीं होगा।

