फ़लस्तीन को कई देशों से मान्यता मिलने के बाद क्या हमास हथियार छोड़ देगा

कई देशों के फ़लस्तीन को मान्यता देने के बाद फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान हमास से हथियार छोड़ने की अपील की

फ़लस्तीन को कई देशों की ओर से मान्यता दिए जाने के बाद फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान हमास से हथियार छोड़ने की अपील की है.
अमेरिका ने अब्बास और अन्य फ़लस्तीनी अधिकारियों का वीज़ा रद्द कर दिया था, जिसकी वजह से फ़लस्तीनी राष्ट्रपति ने वीडियो लिंक के ज़रिए संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया.
अब्बास ने अपने संबोधन में स्थायी युद्धविराम पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में प्रशासन चलाने के लिए हमास की कोई भूमिका नहीं हो सकती. उन्होंने हमास से अपील की कि वह अपने ‘हथियार फ़लस्तीनी अथॉरिटी को सौंप दे’.
फ़लस्तीनी राष्ट्रपति ने कहा, “हम बिना हथियारों के एक संगठित राष्ट्र चाहते हैं.”
साथ ही फ़लस्तीनी राष्ट्रपति ने इसराइल के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हमारा और आपका भविष्य शांति पर निर्भर करता है. हिंसा और युद्ध अब और नहीं.”
कनाडा ने रविवार को फ़लस्तीन को मान्यता देने की आधिकारिक घोषणा कर दी थी. कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और पुर्तगाल के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा में फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी फ़लस्तीन को देश के तौर पर मान्यता दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button