
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा टेस्ट 323 रन से जीता
न्यूजीलैंड दौरे पर तीन मैचों की सीरीज खेलने गई वेस्टइंडीज की हालत खराब रही। वो एक भी मैच नहीं जीत पाई। न्यूजीलैंड ने 2-0 से सीरीज अपने नाम कर ली, दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा था।
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को तीसरे टेस्ट मैच में 323 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ कीवी टीम ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज भी 2-0 से अपने नाम कर ली और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। डेवोन कॉन्वे और टॉम लैथम ने दोनों पारियों में शतक जमाए। वहीं, गेंदबाज जैकब डफी ने मैच में कुल 9 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
सोमवार को मैच के पांचवें दिन वेस्टइंडीज ने 43/0 से खेलना शुरू किया, लेकिन 419 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम 138 रन पर सिमट गई। डफी ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटके।
पांचवें दिन पिच से शानदार बाउंस देखने को मिला और वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम 80.3 ओवर में सिर्फ 138 रन पर ऑलआउट हो गई। ब्रैंडन किंग ने 67 रन बनाकर थोड़ी पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। डफी ने 5 विकेट लेकर मैच खत्म किया। उनके अलावा एजाज पटेल ने 3 विकेट झटके। ग्लेन फिलिप्स और रचिन रवींद्र को 1-1 विकेट मिला। डफी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

