32 घंटे बाद बहाल हुई सहारा एस्टेट के ट्यूबवेल की बिजली, आज जमा होंगे 50 हजार रुपये; 1200 परिवारों को मिली राहत

70.04 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल पर कटा था कनेक्शन, लिखित आश्वासन के बाद फिर शुरू हुई जलापूर्ति

आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

सहारा एस्टेट सोसाइटी में 70.04 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के चलते ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन काटे जाने से करीब 1200 परिवारों को 32 घंटे तक जल संकट का सामना करना पड़ा। आखिरकार प्रशासन और बिजली विभाग के हस्तक्षेप के बाद गुरुवार रात बिजली कनेक्शन बहाल कर दिया गया, जिससे कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।

बुधवार सुबह 11:25 बजे काटा गया ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन गुरुवार रात 8:10 बजे एडीएम सिटी और मोहद्दीपुर के अधिशासी अभियंता सतीश जायसवाल के निर्देश पर दोबारा जोड़ दिया गया।

50 हजार रुपये जमा करने के लिखित आश्वासन पर जुड़ा कनेक्शन

जनकल्याणकारी आवासीय समिति के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग को लिखित आश्वासन दिया कि वे शुक्रवार को 50 हजार रुपये जमा कर देंगे। वहीं, 70 लाख रुपये से अधिक के बकाया बिल के भुगतान की रणनीति बनाने के लिए रविवार को आम सभा की बैठक बुलाई गई है।

कनेक्शन बहाल होने के बाद करीब 1200 परिवारों की जलापूर्ति फिर से शुरू हो गई।

दिनभर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाते रहे समिति के पदाधिकारी

गुरुवार को जनकल्याणकारी आवासीय समिति के अध्यक्ष एपी त्रिपाठी समेत नजर मोहम्मद, सर्वेंद्र विक्रम सिंह, त्रिभुवन सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, राम गुलाब प्रजापति, सुभाष तिवारी और आशीष सिंह का प्रतिनिधिमंडल बिजली कनेक्शन बहाल कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने बिजली निगम के अधिकारियों, एडीएम सिटी, नगर आयुक्त, महापौर और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपे और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

बिजली विभाग दो लाख रुपये जमा कराने पर अड़ा रहा

बिजली निगम ने पहले शर्त रखी कि तत्काल दो लाख रुपये जमा किए जाएं और शेष राशि 10-10 लाख रुपये की मासिक किस्तों में अदा की जाए, तभी ट्यूबवेल का कनेक्शन जोड़ा जाएगा।

हालांकि समिति का कहना था कि तत्काल दो लाख रुपये जमा करना संभव नहीं है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से मानवीय आधार पर बिजली बहाल करने की अपील की, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर उनकी मांग नहीं मानी गई।

कॉलोनी हैंडओवर को लेकर भी हुई चर्चा

इस बीच नगर निगम में महापौर डॉ. मंगलेश की मौजूदगी में नगर आयुक्त अजय जैन ने जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार को कॉलोनी का इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में कॉलोनी को नगर निगम के अधीन लिया जा सके।

रघुवेंद्र कुमार ने बताया कि पहले भी जलकल विभाग की ओर से करीब 9 करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार किया गया था, लेकिन राशि जमा नहीं होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कॉलोनी नगर निगम को हैंडओवर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो संबंधित आपत्तियां दर्ज कराने पर जलकर माफ किए जाने पर विचार किया जाएगा।

क्या बोले अधिशासी अभियंता

मोहद्दीपुर के अधिशासी अभियंता सतीश जायसवाल ने बताया कि 70 लाख रुपये के बकाया के कारण बिजली कनेक्शन काटा गया था। समिति की ओर से 50 हजार रुपये जमा करने के लिखित आश्वासन और रविवार को आम सभा बुलाकर बकाया भुगतान की रूपरेखा तैयार करने की जानकारी देने के बाद ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन बहाल कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button