
एनडीए की जीत को अखिलेश ने ‘चुनावी साज़िश’ बताया
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव परिणाम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणाम से चुनावी साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है।
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने बिहार में एनडीए को मिल रही बढ़त का कारण एसआईआर को बताया है. इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर को ‘चुनावी साजिश’ कहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, “बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया है वो पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है।”
अखिलेश ने कहा, “अब आगे हम ये खेल इनको नहीं खेलने देंगे। सीसीटीवी की तरह हमारा ‘पीपीटीवी’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा।” सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी ‘दल नहीं छल’ है।
बिहार में सामने आ रहे रुझानों में एनडीए को भारी बढ़त मिलती दिख रही है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, एनडीए क़रीब 190 सीटों पर आगे है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 122 सीटें चाहिए।

