
जौहर यूनिवर्सिटी का ध्वस्तीकरण रोकने को कई राजनीतिक और सामाजिक संगठन सामने आए
रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को गिराने के रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के आदेश के खिलाफ कई राजनीतिक और सामाजिक संगठन सामने आए हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और मुस्लिम संगठनों ने इसे राजनीतिक द्वेष करार दिया है और सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
प्रशासन ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी है, और छात्रों की काउंसलिंग के लिए मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि भाजपा सरकार को आजम से डर है तो जौहर विश्वविद्यालय का अधिग्रहण कर उसे खुद चलाये।, अगर शिक्षा के मंदिर का ध्वस्तीकरण हुआ तो कांग्रेस से सड़क से संसद तक विरोध करेगी। सवाल उठाया कि क्या भाजपा और आरएसएस के कार्यालयों के नक्शे पास हैं?
आज़म ख़ान के समर्थकों और समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि जिन इमारतों को लेकर नोटिस जारी किया गया है, उनका निर्माण उस समय हुआ था, जब यह इलाक़ा रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था।
उनका तर्क है कि उस समय यह क्षेत्र ज़िला पंचायत के अधीन था और आरडीए का अधिकार क्षेत्र बाद में बढ़ाया गया. इसलिए मौजूदा नियमों के आधार पर पुराने निर्माणों को अवैध नहीं माना जा सकता।

