एफ़बीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला

FBI ने नीतीश कौशल पर अमेरिका के अंदर हत्या, अपहरण, वसूली और ड्रग तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसी एफ़बीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपने मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल किया है।

कौशल पर अमेरिका में हत्या, अपहरण और ड्रग्स की तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। नीतीश कौशल जम्मू भगवानपुरिया गैंग का मेंबर है। FBI ने कहा कि नीतीश कौशल को भगवानपुरिया संगठित अपराध समूह में कथित तौर पर शामिल होने के लिए वांटेड घोषित किया गया है।

FBI ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि नीतीश कौशल एक भारतीय नागरिक है, जिसने भगवानपुरिया गिरोह के लिए काम करते हुए अमेरिकी जमीन पर हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया। इनमें हत्या, अपहरण और ड्रग्स समेत दूसरे अपराध शामिल हैं। एफबीआई ने कहा, ‘‘नीतीश कौशल एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के लिए वांछित है। यह संगठन हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी, धनशोधन और मानव तस्करी समेत विभिन्न अपराधों में शामिल है।’’

एफबीआई ने नीतीश कौशल के लिए चेतावनी जारी करते हुए उसे एक खतरनाक अपराधी बताया है, जो हथियारों से लैस हो सकता है। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि कौशल के बारे में कोई जानकारी मिलने पर वे FBI के स्थानीय कार्यालय, अमेरिकी दूतावास पर वाणिज्य दूतावास को जानकारी दें।

एफबीआई ने बताया कि लॉस एंजिलिस स्थित कैलिफोर्निया की जिला अदालत ने कौशल के खिलाफ 25 जून को संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। यह वारंट संगठित अपराध और भ्रष्ट गतिविधियों से जुड़े संगठनों के खिलाफ बने कानून के तहत जारी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button