
ईरान ने “भारत के विशिष्ट अतिथि” के रूप में महबूबा मुफ्ती को खामेनेई के अंतिम संस्कार में बुलाया
ईरान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बुलाया गया है, जिसमें महबूबा मुफ्ती भी शामिल हैं।
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती 3 से 6 जुलाई के बीच तेहरान में होने वाले ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। उन्हें ईरान ने भारत की विशेष अतिथि के तौर पर आधिकारिक निमंत्रण भेजा है।
महबूबा ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। जिंदगी में एक बार मिलने वाला ऐसा अवसर है। मैं खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने तेहरान जाऊंगी।”
ईरान भाजपा, कांग्रेस और पीडीपी के नेताओं के अलावा जैन संत आचार्य लोकेश मुनि को भी न्योता भेज चुका है। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
ईरान का अनुमान है कि अंतिम यात्रा में 1.5 से 2 करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं, जो देश के इतिहास का सबसे बड़ा राजकीय अंतिम संस्कार होगा।
यह राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम और शोक सभाएं तेहरान में 3 जुलाई से 6 जुलाई तक आयोजित की जा रही हैं। 3 जुलाई को इमाम खामेनेई ग्रैंड मोसाला कॉम्प्लेक्स में विदाई समारोह और 6 जुलाई को अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा।
महबूबा मुफ्ती ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और वह अंतिम संस्कार में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए तेहरान की यात्रा करेंगी

