
महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव परिणाम आज घोषित होंगे
महाराष्ट्र नगर निगम रिजल्ट-मुंबई में बीजेपी+ 56 सीटों पर आगे, शिवसेना उद्धव+ को 29 सीटों पर बढ़त; नागपुर में बीजेपी+, कोल्हापुर में कांग्रेस आगे
महाराष्ट्र की 29 नगर निगम के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे से काउंटिंग जारी है। 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सभी निगमों में सबसे अहम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) है। शुरुआती रुझानों में यहां भाजपा गठबंधन आगे है। नागपुर, पुणे, नासिक, ठाणे में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है।
मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में पहली जीत घोषित हो गई है। वार्ड 182 से कांग्रेस उम्मीदवार आशा काले ने जीत हासिल की है।
भाजपा- शिवसेना (शिंदे गुट) में गठबंधन हैं। बीजेपी 137 सीटों पर लड़ रही है वहीं शिंदे की शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
उधर शिवसेना यूबीटी ने मनसे के साथ अलांयस किया है। यूबीटी जहां 163 सीटों पर लड़ी वहीं MNS को 52 सीट मिली। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से गठबंधन किया है। कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है वहीं वीबीए को 46 सीट दी गईं हैं। एनसीपी ने किसी के साथ हाथ नहीं मिलाया। अजित गुट वाली ये पार्टी 94 सीटों पर लड़ रही है।
चुनाव परिणामों में सबकी नज़र बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) पर होगी, जहां बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन का मुक़ाबला ठाकरे भाइयों से है। मतदान विवादों से घिरा रहा। मुंबई में शिकायतें आईं कि मतदाताओं की उंगली पर लगाई गई स्याही का निशान मिट रहा है।
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए, जिनमें दावा किया गया कि नेल पॉलिश रिमूवर से यह स्याही हटाई जा सकती है। बीबीसी मराठी ने भी इसकी जांच की और पाया कि उंगली पर लगी स्याही नेल पॉलिश रिमूवर से वाकई मिटाई जा सकती है।
चुनाव आयोग ने इस बारे में एक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है। आयोग ने कहा, “मतदाताओं में भ्रम पैदा करने के लिए उंगली पर लगाई गई स्याही को हटाने की कोशिश करना ग़लत कृत्य है।”

