
पाकिस्तानी सेना के हमलों में अफगानिस्तान में 35 की मौत, तालिबान ने स्ट्राइक को बताया बर्बर कार्रवाई
पाकिस्तानी आर्मी ने कराची में शनिवार को पैरामिलिट्री रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हुए हमले के जवाब में अफगानिस्तान में बमबारी की है। इससे अफगानिस्तान में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।
अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी सेना के अपनी जमीन पर किए गए हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने असीम मुनीर और शहबाज शरीफ को चेताते हुए हमलों को ‘बर्बर’ कहा है। रविवार रात किए गए इन हमलों में अफगानिस्तान में कम से कम 35 लोगों की जान गई है। पाकिस्तानी सेना ने इससे पहले 29 लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया था लेकिन अफगानिस्तान की ओर से बताया गया है कि हमलों में मरने वाले आम लोग हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल है।
पाकिस्तान के हमले में अफगानिस्तान के बॉर्डर प्रांत पक्तिया और कुनार में भारी तबाही हुई है। पक्तिया पुलिस कमांड के प्रवक्ता मुनीब जदरान ने टोलो न्यूज को हमले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रांत के समकानी जिले में पाकिस्तानी सेना के हमलों में कम से कम 35 लोग मारे गए हैं और 40 से ज्यादा घायल हैं।
पाकिस्तान की ओर से इससे पहले कहा गया था कि उसकी सेना ने अफगानिस्तान सीमा पर जमीनी ऑपरेशन और हवाई हमले में टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें 29 लड़ाके मारे गए। पाकिस्तानी सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि यह ऑपरेशन कराची के पैरामिलिट्री रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय परशनिवार को हए हमला का जवाब है।

