
सूडान के अल-फाशेर में सैकड़ों नागरिकों की हत्या : WHO
सूडान के पश्चिमी दारफुर शहर के एक अस्पताल में 460 से अधिक लोगों की मौत हो गई। यह मौत ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में सूडानी अर्धसैनिक बलों ने इस अस्पताल पर कब्जा कर लिया।
डब्लूएचओ यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कहा है कि सूडान के अल-फाशेर शहर पर क़ब्ज़ा करने के बाद, रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ (आरएसएफ़) के लड़ाकों ने यहां के मुख्य अस्पताल में सैकड़ों आम लोगों की हत्या कर दी. डब्लूएचओ के प्रमुख टेड्रोस गेब्रेयेसस ने कहा, कि एजेंसी “अल-फाशेर अस्पताल में 460 लोगों की हत्या की ख़बर से स्तब्ध और बेहद दुखी” है.
इससे पहले, सूडान के डॉक्टर्स नेटवर्क ने कहा था कि मंगलवार को आरएसएफ़ के लड़ाकों ने “अस्पताल में मौजूद हर शख़्स को बेरहमी से मार डाला, जिनमें मरीज़, उनके परिजन और अन्य लोग शामिल थे.” डॉक्टर्स नेटवर्क ने इसकी संख्या नहीं बताई, लेकिन कहा कि शहर के कई अस्पताल “मानव कत्लगाहों” में बदल गए हैं. सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने आरएसएफ़ पर छह स्वास्थ्यकर्मियों के अपहरण का आरोप भी लगाया है, जिनमें 4 डॉक्टर भी शामिल हैं.
इससे पहले, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रीसेंट सोसाइटीज (IFRC) ने मंगलवार को बताया था कि सूडान में उसके 5 वॉलंटियर्स मारे गए और तीन अन्य लापता हैं. सूडान के अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज, जो अप्रैल 2023 से सूडानी सेना के साथ गृहयुद्ध में उलझे हुए हैं, ने इस सप्ताह की शुरुआत में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बारा शहर पर कब्ज़ा कर लिया. कार्यकर्ताओं और अधिकार समूहों ने आरोप लगाया है कि मध्य सूडान और दारफुर में आरएसएफ की हालिया बढ़त के साथ सैकड़ों नागरिक मारे गए हैं. हालांकि, दोनों गुटों ने आरोपों को खारिज कर दिया और एक-दूसरे पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है.

