यूपी के एडेड स्कूलों में 23 हजार शिक्षकों-प्रधानाचार्यों की होगी भर्ती

यूपी में 4512 एडेड विद्यालय हैं। इनमें 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पद खाली हैं।

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में नए सत्र में 23213 शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पदों पर भर्ती होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को सीधी भर्ती के खाली पदों का अधियाचन भेजा है। अब आयोग इसकी आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।

प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में पिछली बार 2016 में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी किंतु यह पूरी 2021 में हुई थी। इस तरह लंबे समय बाद खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई है। विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजे अधियाचन के अनुसार प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003, प्रवक्ता के 2705, सहायक अध्यापक (शिक्षक) के 16114 व सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राइमरी) के 1889 कुल 23213 पद खाली हैं।

माध्यमिक के साथ ही प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में भी लंबे समय से शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती की मांग युवाओं की तरफ से की जा रही है। इसके लिए समय-समय पर उनके द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया गया है। पिछले साल विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग भी खाली पदों पर भर्ती कर सकता है। विभाग में इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button