
UAE में फेक न्यूज फैलाने के आरोप में 19 भारतीय गिरफ्तार
संयुक्त अरब अमीरात ने सोशल मीडिया पर फेक वीडियो क्लिप साझा करने के आरोप में 19 भारतीय समेत 35 लोगों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने क्षेत्रीय तनाव के बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक और मनगढ़ंत वीडियो क्लिप शेयर करने के आरोप में 19 भारतीय नागरिकों समेत 35 लोगों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘अमीरात समाचार एजेंसी’ (डब्ल्यूएएम) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आरोपियों को त्वरित सुनवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा.
ताजा सूची में विभिन्न देशों के 25 लोग शामिल हैं, जिनमें 17 भारतीय हैं. यह सूची शनिवार को नामित किए गए 10 लोगों से अलग है, जिनमें दो भारतीय भी शामिल थे और जिनकी गिरफ्तारी का आदेश पहले ही दिया जा चुका है. यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमाद सैफ अल शम्सी द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह कार्रवाई डिजिटल मंच की सख्त निगरानी के बाद की गई है, जिसका उद्देश्य फर्जी जानकारी और कृत्रिम रूप से तैयार सामग्री के प्रसार को रोकना है, जो सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने और सामान्य स्थिरता को कमजोर करने की कोशिश करती है.

