
‘कोल्ड्रिफ सिरप’ से गई मासूमों की जान, मध्य प्रदेश में बिक्री पर बैन
छिंदवाड़ा में Coldrif सिरप पीने से हुई बच्चों की मौत के बाद प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब पूरे मध्यप्रदेश में इस सिरप और कंपनी के अन्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
तमिलनाडु के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने कोल्ड्रिफ सिरप पर तत्काल प्रभाव से बैन लगा दिया है। इस सिरप पर पाबंदी लगाते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त चेतावनी जारी की है।
छिंदवाड़ा जिले में Coldrif सिरप के सेवन से हुई बच्चों की मौत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने इस सिरप की बिक्री पर पूरे मध्यप्रदेश में तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है। इतना ही नहीं, सिरप बनाने वाली कंपनी के अन्य प्रोडक्ट्स पर भी बैन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित एक फैक्ट्री में तैयार किया जाता है। घटना सामने आने के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार से जांच रिपोर्ट मांगी थी। तमिलनाडु एफडीए ने तमिलनाडु के कांचीपुरम में मेसर्स श्रीसन फार्मा के विनिर्माण परिसर से कोल्ड्रिफ कफ सिरप के नमूने लिए थे। इन नमूनों के परीक्षण के परिणाम सामने आए हैं। नमूनों में डीईजी अनुमेय सीमा से अधिक पाया गया है।
इसपर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा, “छिंदवाड़ा में Coldrif सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया है। सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य प्रोडक्ट की बिक्री पर भी बैन लगाया जा रहा है।”
बता दें कि तमिलनाडु में पहले ही इस सिरप को बैन कर दिया गया है। कोल्ड्रिफ सिरप पीने से मध्य प्रदेश और राजस्थान में 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसपर एक्शन लेते हुए एमपी में भी इस सिरप को बैन कर दिया गया है।

