
UPSSSC लेखपाल परीक्षा कल, आज रात से चलेगी गोरखपुर-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन
यूपीएसएसएससी लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार को गोरखपुर के 39 केंद्रों पर होगी, जिसमें 17,832 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन आज रात 12:30 बजे चलेगी। वापसी में ट्रेन शाम 6:15 बजे लखनऊ से रवाना होगी। वहीं, छह साल से बंद नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन भी 26 मई से फिर शुरू होने जा रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर में उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के 39 केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में होगी। इस परीक्षा में कुल 17,832 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार शाम एनेक्सी भवन सभागार में नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
गोरखपुर-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलेगी
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
- गोरखपुर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 मई की रात 12:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
- वापसी में लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 21 मई को शाम 6:15 बजे लखनऊ से चलेगी और रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
- ट्रेन में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे, ताकि परीक्षार्थियों को यात्रा में परेशानी न हो।
छह साल बाद फिर चलेगी नकहा-डालीगंज पैसेंजर
करीब छह साल बाद नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू होने जा रहा है। कोविड महामारी के दौरान बंद हुई यह ट्रेन अब 26 मई से फिर पटरी पर लौटेगी। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बताया गया कि इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी। प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया था, जिसे 2 मार्च को मंजूरी मिल गई। यह ट्रेन आनंदनगर होकर संचालित होगी। उद्घाटन के लिए रेक की व्यवस्था भी कर ली गई है।
कोविड से पहले इस ट्रेन से प्रतिदिन करीब 1500 से 1700 यात्री सफर करते थे।
कोविड के दौरान बंद हुई थीं ट्रेनें
23 मार्च 2020 को कोविड महामारी के चलते सभी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। बाद में धीरे-धीरे अधिकांश ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया, लेकिन नकहा-डालीगंज पैसेंजर ट्रेन अब तक शुरू नहीं हो सकी थी। अब इसे फिर से बहाल किया जा रहा है।
नकहा-डालीगंज पैसेंजर का शेड्यूल
- 55061 नकहा-डालीगंज पैसेंजर
नकहा जंगल से रात 11:10 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 9:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी। - 55062 डालीगंज-नकहा पैसेंजर
डालीगंज से शाम 5:20 बजे रवाना होगी और सुबह 4:45 बजे नकहा पहुंचेगी।

