
विधानसभा चुनाव: तीन स्तरीय सुरक्षा लेयर में काउंटिंग जारी
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की वोटों की गिनती चल रही है.
पश्चिम बंगाल में 293 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है. शुरुआती रुझानों में सत्ताधारी टीएमसी पिछड़ती हुई दिख रही है और बीजेपी बढ़त बनाए हुए है.
फ़िलहाल बीजेपी 153 सीटों और टीएमसी 122 सीटों पर आगे है. जबकि कांग्रेस 4 और अन्य 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है. इस बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि ‘बीजेपी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी.’
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधन के अलावा तीसरे दल ने भी मज़बूत उपस्थिति दर्ज कराई है. यह दल तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता विजय की टीवीके पार्टी है.
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों मतगणना हो रही है, यहां पर बहुमत का आंकड़ा 118 है.
फ़िलहाल टीवीके 49 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एआईएडीएमके 61 सीटों पर आगे है. डीएमके 97 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. शुरुआती रुझानों में टीवीके के प्रदर्शन ने सबको चौंका दिया है.
असम में 126 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है. डाक मत पत्रों की गिनती पूरी हो चुकी है, अब ईवीएम खुलने शुरू हो गए हैं.
बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस यहां तीसरी बार सत्ता में आने के लिए जोर लगा रहा है. जबकि कांग्रेस खोई हुई सियासी जमीन पाना चाह रही है.

